
सहारनपुर। पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ताआंे ने पृथक पश्चिम प्रदेश निर्माण की मांग को लेकर जुलूस निकालकर मण्डलायुक्त कार्यालय पर महापंचायत की तथा राष्ट्रपति को संबोधित 14 सूत्रीय ज्ञापन मण्डलायुक्त को सौंपकर उत्तर प्रदेश को चार भागो में बांटकर पृथक पश्चिम प्रदेश का निर्माण कराने के लिए राज्य पुर्नगठन आयोग गठित किए जाने की मांग की।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा व भारतीय किसान यूनियन वर्मा के कार्यकर्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष भगत सिंह वर्मा के नेतृत्व में ट्रैक्टर-ट्रालियों, कारो, मोटर साइकिलों के साथ जुलूस के रूप में नागल, लाखनौर, टपरी, शेखपुरा, पेपर मिल, विश्वकर्मा चौक, चौधरी चरण सिंह चौक, देहरादून चौक होते हुए घंटाघर पहुंचे, जहां उन्होंने शहीदे आजम भगत सिंह व चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। तत्पश्चात जुलूस कोर्ट रोड, दीवानी कचहरी, कलेक्ट्रेट तिराहा हसनपुर चंुगी होता हुआ मण्डलायुक्त कार्यालय पहुंचा, जहां महापंचायत को संबोधित करते हुए पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा व भारतीय किसान यूनियन वर्मा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भगत सिंह वर्मा ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश की 8 करोड़ जनता की उन्नति के लिए 26 जिलों को मिलाकर पृथक पश्चिम प्रदेश का निर्माण जरूरी है, जिसके लिए संघर्ष शुरू हो चुका है अब किसी भी कीमत पर यहां की जनता को पृथक पश्चिम प्रदेश चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश देश ही नहीं दुनिया का सबसे बड़ा राज्य है। इसलिए उत्तर प्रदेश का चार भागों में विभाजन जरूरी है।
श्री वर्मा ने कहा कि पृथक पश्चिम प्रदेश बनने पर यहां शिक्षा और चिकित्सा अंतर्राष्ट्रीय स्तर की होगी और सभी को निशुल्क होगी और प्रति व्यक्ति वार्षिक आय पश्चिम प्रदेश में दुनिया के कतर और सिंगापुर देश से भी अधिक होगी। श्री वर्मा ने मंडलायुक्त श्री यशोद को ज्ञापन सौंपकर उत्तर प्रदेश को चार भागो में बांटकर पृथक पश्चिम प्रदेश का निर्माण कराने, राज्य पुनर्गठन आयोग गठित करने, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर मेरठ और आगरा में तत्काल एम्स की स्थापना कराने, मेरठ में तत्काल प्रभाव से मिनी सचिवालय और हाईकोर्ट की स्थापना कराने, देश के अन्नदाता किसानों पर सरकार की गलत नीति के कारण बढ़ते कर्ज को समाप्त कराने, देश की कृषि और किसानों को बचाने के लिए अन्नदाता किसानों को उनकी फसलों का लाभकारी मूल्य दिलाने, डॉ.एमएस स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट को लागू कराने, एमएसपी को लाभकारी बनाकर गारंटी कानून बनाने मनरेगा योजना को सीधा खेती से जोड़कर किसानों को मजदूर उपलब्ध कराने की मांग की। महापंचायत को राष्ट्रीय महासचिव कर्नल सुधीर, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष फिरोज खान, प्रदेश महासचिव आसिफ मलिक, मण्डल मीडिया प्रभारी दुष्यंत उपाध्याय ने भी संबोधित किया। महापंचायत की अध्यक्षता सत्यपाल सिंह एडवोकेट व संचालन हाफिज मुर्तजा त्यागी ने किया। इस दौरान डॉ.अशोक मलिक, राजेंद्र चौधरी, मौहम्मद फिरोज खान, रजत शर्मा, पंडित नीरज कपिल, मौहम्मद जहीर तुर्की, आसिम मलिक, मौहम्मद मुखिया त्यागी, अशोक चौधरी, सुधीर चौधरी, ओमवीर सिंह, योगेश दहिया, शाह साबिर अली, दुष्यंत सिंह, मुकर्रम प्रधान, ताहिर हसन, अजीत सिंह एडवोकेट, जुल्फिकार एडवोकेट, डॉ.परविंदर मलिक. तबरेज मलिक आदि उपस्थित रहे।
ब्यूरों रिपोर्टः (मोनू कुमार) सहारनपुर
हमारे यूट्यूब चैनल न्याय परिक्रमा न्यूज पर देखिए पूरा विडियो