सहारनपुर। संभल में हुए दंगों के पीड़ित परिवारों से लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ जिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गाजियाबाद में एकत्रित होकर संभल जाना था, उन्हें आज सहारनपुर पुलिस ने घर में नजर बंद करके रखा और गाजियाबाद के लिए प्रस्थान नहीं करने दिया।
कांग्रेस महानगर अध्यक्ष वरुण शर्मा, पूर्व प्रदेश सचिव प्रवीण चौधरी, जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष गौरव वर्मा, पीसीसी सदस्य अक्षय कुमार के घर आज तड़के से ही पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने डेरा डाल दिया और इन सभी को घर उनके घरों में नजर बंद कर दिया। महानगर अध्यक्ष वरुण शर्मा, पूर्व प्रदेश सचिव प्रवीण चौधरी, युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष गौरव वर्मा ने इसे पुलिस की हिलटरशाही बताते हुए कहा कि सरकार जरूर कुछ छुपाना चाहती है, जिसके चलते वह किसी को भी संभल नहीं जाने देना चाहती।
कांग्रेस सांसद काज़ी इमरान मसूद, कांग्रेस जिला अध्यक्ष संदीप सिंह राणा ने पुलिस प्रशासन की इस रणनीति को भापते हुए आज तड़के लगभग 2.30 बजे ही गाजियाबाद के लिए निकल गए। कांग्रेस सांसद काज़ी इमरान मसूद ने राहुल को साथियों सहित संभल जाने से रोकने के सरकारी फैसले का विरोध करते हुए इसे सरकार की तानाशाही बताया। उन्होंने कहा की संभल के दंगों की साजिश को सरकार क्यों छुपाना चाहती है, वहां किसी को क्यों नहीं जाने दिया जा रहा है? उन्होंने कहा कि सरकार की यह नीति, सरकार की मंशा पर एक बड़ा प्रश्न चिन्ह लगती है।कांग्रेस जिला अध्यक्ष संदीप सिंह राणा ने कहा कि संभल को छावनी बनाकर वहां किसी का जाना प्रतिबंधित करके सरकार ने वहां के नागरिकों के अधिकारों का हनन किया है। संदीप राणा ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष होने के नाते राहुल गांधी जी कहीं भी जाने के लिए स्वतंत्र हैं और उन्हें इस तरह से रोका जाना उनके संवैधानिक अधिकारों का हनन है, जिसका हम विरोध करते हैं।
ब्यूरों रिपोर्टः मोनू कुमार (सहारनपुर)
हमारे यूट्यूब चैनल न्याय परिक्रमा न्यूज पर देखिए पूरा विडियो