
न्याय परिक्रमा, रोहतक, हरियाणा, अच्छेलाल,
हरियाणा के रोहतक में कांग्रेस की युवा नेत्री हिमानी नरवाल की गला घोंटकर निर्मम हत्या पर चंडीगढ़ महिला कांग्रेस ने रोष जताते हुए आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की है। चंडीगढ़ महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष नंदिता हुड्डा ने कहा कि एक युवा नेत्री की इस तरह हत्या होना और उसका सूटकेस में शव मिलना, बेहद दुखदाई और आघात पहुंचाने वाला है। यह अपने आप में हरियाणा प्रदेश की कानून व्यवस्था पर बदनुमा धब्बा है। इस हत्याकांड की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच हो और सरकार पीड़िता के परिवार को जल्द से जल्द न्याय व दोषियों को कठोरतम दंड दिलाए। नंदिता हुड्डा ने कहा कि ये खबर बेहद दर्दनाक और दिल को दहला देने वाली है। राज्य की कानून व्यवस्था, महिला सुरक्षा और महिलाओं को लेकर प्रधानमंत्री के दिए गए नारे “बेटी बचाओ ,बेटी पढ़ाओ “की पोल खोल रहा है। सूटकेस में शव मिलना प्रदेश में फैले गुंडाराज और अराजकता के माहौल को बयां कर रहा है और दर्शाता है कि अपराधियों के हौसले कितने बुलंद हैं। हिमानी जो बेहद कर्मठ थी, युवा थी, बहुत ही जीवंत प्रतिभा की धनी थी। सरकार से मांग है कि दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाये और कठोर दंड दिया जाए, ताकि भविष्य में कोई इस तरह का अपराध करने की हिम्मत न जुटा सके। बता दें कि रोहतक के सांपला बाईपास पर कांग्रेस की युवा महिला नेत्री हिमानी नरवाल का शव सूटकेस में मिला है। मामले में दोषियों का पुलिस पता नहीं लगा पाई है।
ब्यूरों रिपोर्टः अच्छेलाल (चंडीगढ)
हमारे यूट्यूब चैनल न्याय परिक्रमा न्यूज पर देखिए पूरा विडियो